कन्नौज के युवक की अलीगढ़ में संदिग्ध मौत, मां ने बहू पर हत्या का आरोप लगाया
Share your love

संवाद 24 सावंवादता। छिबरामऊ क्षेत्र अंतर्गत जमामर्दपुर गांव निवासी एक युवक की अलीगढ़ में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक ने करीब दस माह पहले उन्नाव जनपद की एक युवती से प्रेम विवाह किया था। घटना के बाद मृतक की मां ने बहू और उसके रिश्तेदारों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस में तहरीर दी है।
मृतक की पहचान विशुनगढ़ थाना क्षेत्र के जमामर्दपुर गांव निवासी 22 वर्षीय ब्रजेश कुमार पुत्र शिवनाथ सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार ब्रजेश ने चार अप्रैल 2025 को उन्नाव के मोहकमगंज मझिगवां निवासी युवती से प्रेम विवाह किया था। दोनों ने अलीगढ़ के न्यू बेगम बाग स्थित आर्य समाज मंदिर में विधिवत विवाह कर प्रमाण पत्र भी प्राप्त किया था।
विवाह के बाद ब्रजेश अपनी पत्नी के साथ अलीगढ़ की कांशीराम कॉलोनी में रह रहा था। परिजनों का कहना है कि दोनों वहीं रहकर अपना जीवन यापन कर रहे थे और ब्रजेश समय-समय पर घरवालों से संपर्क में रहता था।
मृतक की मां के अनुसार 31 जनवरी की रात करीब 12 बजे बहू काजल ने फोन कर सूचना दी कि ब्रजेश ने फांसी लगा ली है। सूचना मिलते ही परिजन अलीगढ़ के लिए रवाना हुए। इसके बाद मां ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि उनकी बहू, उसका बहनोई और उसकी बहन ने मिलकर ब्रजेश की गला दबाकर हत्या की है और मामले को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर के आधार पर सभी आरोपों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






