कन्नौज में विकास योजनाओं की समीक्षा, मनरेगा और निधि कार्यों में तेजी के निर्देश

संवाद 24 संवाददाता। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में विभिन्न विकासपरक योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सांसद निधि, विधायक निधि, मनरेगा, आवास योजना सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने परियोजना निदेशक डीआरडीए को वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत सांसद निधि से प्राप्त 73 प्रस्तावित कार्यों की अद्यतन और कार्य-वार प्रगति रिपोर्ट तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इनमें से 44 कार्य प्रगति पर बताए गए हैं। इसके साथ ही विधायक निधि के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों, खर्च की गई धनराशि और भौतिक प्रगति का पूरा विवरण प्रस्तुत करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ये सभी योजनाएं सीधे आम जनता से जुड़ी हैं, इसलिए कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी निर्माण कार्य शासन के मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं।

बैठक में मनरेगा के तहत संचालित कार्यों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि 100 खेल मैदानों में से 50, 21 मनरेगा पार्कों में से 11, 6 पौराणिक स्थलों में से 5, 75 मॉडल शॉप में से 33, 8 सीएलएफ भवनों में से 5 तथा 30 आंगनवाड़ी भवनों में से 12 कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं।

जिलाधिकारी ने उपायुक्त मनरेगा को निर्देश दिए कि शेष कार्यों का स्वयं मौके पर जाकर भौतिक सत्यापन करें और उन्हें शीघ्र पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। साथ ही उचित दर दुकानों की मॉडल शॉप का निरीक्षण उपायुक्त मनरेगा और जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा संयुक्त रूप से कराते हुए जियो-टैग्ड फोटोग्राफ सहित विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में 1,02,779 सक्रिय मनरेगा श्रमिकों के सापेक्ष केवल 66,656 जॉबकार्ड की ई-केवाईसी पूर्ण हो सकी है, जिस पर उन्होंने असंतोष जताया। संबंधित अधिकारियों को ई-केवाईसी प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

जिला पूर्ति अधिकारी को अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने और शासन द्वारा निर्धारित रंग, डिज़ाइन व पेंटिंग मानकों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए। वहीं जिला पंचायत राज अधिकारी को ‘जीरो पॉवर्टी’ योजना के फेज-1 और फेज-2 के अंतर्गत संचालित सभी योजनाओं को बिना विलंब पूरा कराने को कहा गया।

बैठक में कन्नौज के मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, जिला विकास अधिकारी नरेंद्र देव द्विवेदी, परियोजना निदेशक डीआरडीए रामऔतार सिंह, उपायुक्त मनरेगा दिनेश यादव, जिला पंचायत राज अधिकारी राजेन्द्र प्रकाश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News