कन्नौज में दर्दनाक सड़क हादसा: नेशनल हाईवे पर बाइक की टक्कर से किसान की मौत

संवाद 24 संवाददाता। कन्नौज जनपद में एक दर्दनाक सड़क हादसे में किसान की जान चली गई। घटना गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के इस्माइलपुर गांव के पास नेशनल हाईवे पर हुई, जहां सड़क पार करते समय तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से किसान गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतक की पहचान 52 वर्षीय अशोक बाथम के रूप में हुई है, जो परचून का सामान लेने के लिए नेशनल हाईवे पार कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अशोक बाथम उछलकर सड़क पर गिर पड़े और उन्हें गंभीर चोटें आईं।

हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल किसान को तत्काल गुरसहायगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। किसान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी मंजू, दो बेटे साहिल और सुमित तथा बेटी शीतल को छोड़ गए हैं।

इस दुर्घटना में बाइक सवार मिथुन ठाकुर, निवासी रोहली गांव, थाना तालग्राम, भी घायल हो गए। परिजनों द्वारा उन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

पुलिस ने किसान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News