निकाह के दिन मातम: दुल्हन के 16 वर्षीय भाई ने की आत्महत्या
Share your love

संवाद 24 संभल। जिले के रायसत्ती थाना क्षेत्र में रविवार को एक परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब निकाह की रस्मों के बीच दुल्हन के 16 वर्षीय भाई ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल ह
जानकारी के अनुसार रायसत्ती थाना क्षेत्र के मुहल्ला जगत निवासी मुकीम खां की बेटी का निकाह हसनपुर रोड स्थित एक मैरिज हाल में संपन्न हो रहा था। सभी परिजन और रिश्तेदार निकाह की रस्मों में व्यस्त थे। इसी दौरान दुल्हन का छोटा भाई हमजा अचानक मैरिज हाल से अपने घर चला गया। कुछ देर बाद परिजनों को सूचना मिली कि हमजा का शव घर के एक कमरे में पंखे से लटका मिला है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मानसिक परेशानी को आत्महत्या का संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
इस दर्दनाक घटना के बाद निकाह की सभी रस्में रोक दी गईं और शादी समारोह स्थगित कर दिया गया। परिवार में खुशी का माहौल पलभर में गहरे शोक में बदल गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह घटना बेहद हृदयविदारक है और किसी को भी झकझोर देने वाली है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले में कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है और कानून व्यवस्था की दृष्टि से स्थिति सामान्य है।






