तेज रफ्तार ने ली युवक की जान, मानवता को किया शर्मसार
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। कानपुर के नौबस्ता थाना क्षेत्र में गुरुवार रात हुई एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। चचेरे भाई की शादी के कार्ड बांटने निकले युवक को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार सवारों ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने के बजाय उसे सड़क किनारे घसीटकर छोड़ दिया और मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल युवक ने शनिवार सुबह अस्पताल में दम तोड़ दिया।
घटना सड़क किनारे लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद बताई जा रही है। मृतक की पहचान देवकीनगर निवासी प्रांजुल यादव (26) के रूप में हुई है। उसके पिता शिव कुमार यादव का वर्ष 2017 में निधन हो चुका है। परिवार में मां सुमन और एक बड़ा भाई अनुराग हैं।
शादी का कार्ड बांटने निकला था युवक
मृतक के अधिवक्ता चाचा धर्मेंद्र यादव ने पुलिस को बताया कि परिवार में भतीजे आदित्य की चार फरवरी को शादी है। इसी सिलसिले में प्रांजुल गुरुवार रात करीब 10 बजे बाइक से शादी के कार्ड बांटने निकला था। वह घर से करीब 150 मीटर दूर ही पहुंचा था कि तिराहे पर तेज गति से आ रही एक कार को देखकर उसने बाइक सड़क किनारे खड़ी कर दी। आरोप है कि टी-पॉइंट पर तेज रफ्तार से मुड़ी औरा कार ने नियंत्रण खोते हुए प्रांजुल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह उछलकर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल को छोड़ भागे आरोपी
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार कार सवार युवक वाहन से उतरे, घायल प्रांजुल को तड़पता देखा, लेकिन उसे अस्पताल ले जाने के बजाय सड़क किनारे घसीटकर छोड़ दिया और मौके से फरार हो गए। बाद में राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार सुबह उसकी मौत हो गई।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
मृतक के चाचा धर्मेंद्र यादव का दावा है कि घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी तरह कैद हो गई है। फुटेज में कार में दो युवक और पीछे कुछ महिलाएं भी सवार दिखाई दे रही हैं। हादसे के बाद आरोपियों ने फोन कर दूसरी कार मंगवाई, महिलाओं को उसमें बैठाकर रवाना किया और फिर क्षतिग्रस्त कार लेकर फरार हो गए।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने बाइक नंबर के आधार पर युवक की पहचान कर रात करीब दो बजे परिजनों को हादसे की सूचना दी। नौबस्ता थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सीसीटीवी फुटेज और परिजनों के आरोपों की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






