बिजली बिल वसूली के दौरान चांदपुर गांव में हंगामा, पुलिस बुलाई गई
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। तालग्राम क्षेत्र के चांदपुर गांव में शनिवार को बिजली बिल वसूली के दौरान बिजली विभाग की टीम और उपभोक्ताओं के बीच विवाद की स्थिति बन गई। नोकझोंक बढ़ने पर मौके पर पुलिस को बुलाना पड़ा, जिसके बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सका। पुलिस की मौजूदगी में दो बकायादार उपभोक्ताओं ने बिजली राहत योजना के अंतर्गत पंजीकरण कराया।
जानकारी के अनुसार, उपकेंद्र ताहपुर अंतर्गत चांदपुर गांव में अवर अभियंता भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में बिजली विभाग की टीम बिल वसूली अभियान के तहत पहुंची थी। टीम में टीजीटू जगदीश, लाइनमैन विनय, शेर सिंह, पंकज एवं सुचित शामिल थे। टीम द्वारा बकायादार उपभोक्ताओं से बकाया बिल जमा करने और बिजली राहत योजना में पंजीकरण कराने की अपील की गई।
इस दौरान कुछ उपभोक्ताओं पर 50 हजार रुपये से अधिक का बिजली बिल बकाया पाया गया। जब बकाया न जमा होने पर लाइनमैन द्वारा कनेक्शन काटने की कार्रवाई शुरू की गई और वह पोल पर चढ़ा, तो ग्रामीण एकत्र हो गए और विरोध जताने लगे। देखते ही देखते उपभोक्ताओं और विभागीय कर्मचारियों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।
विवाद बढ़ता देख बिजली विभाग द्वारा स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद स्थिति शांत कराई गई। अवर अभियंता भूपेंद्र सिंह ने बताया कि गांव में कुल 60 बिजली कनेक्शन हैं, जिनमें से 48 उपभोक्ताओं ने अभी तक बिजली बिल जमा नहीं किया है।
उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले अभियान के प्रथम चरण में 10 उपभोक्ताओं ने बिजली राहत योजना में पंजीकरण कराया था। शनिवार को काफी समझाने-बुझाने के बाद दो और उपभोक्ताओं ने योजना के अंतर्गत पंजीकरण कराया। कनेक्शन काटने की कार्रवाई के दौरान उत्पन्न विवाद के कारण पुलिस का सहयोग लेना पड़ा।






