
संवाद 24 संवाददाता। शासन के निर्देशानुसार जनपद फर्रुखाबाद में 01 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक आयोजित राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का शुक्रवार को औपचारिक समापन किया गया। समापन समारोह राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, फतेहगढ़ में आयोजित हुआ, जहां छात्राओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया और यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक नरेन्द्र पाल सिंह रहे। विशिष्ट अतिथियों में एआरटीओ-प्रवर्तन सुभाष राजपूत, एआरटीओ-प्रशासन कृष्ण कुमार यादव तथा कॉलेज की प्रधानाचार्या दीपिका राजपूत शामिल रहीं। वक्ताओं ने सड़क दुर्घटनाओं के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए नियमों के कड़ाई से पालन पर बल दिया।
एआरटीओ-प्रवर्तन सुभाष राजपूत ने अपने संबोधन में बताया कि दिसंबर 2025 तक जनपद में कुल 490 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 284 लोगों की मृत्यु हुई, जबकि दिसंबर 2024 तक 390 दुर्घटनाओं में 213 लोगों की जान गई थी। उन्होंने कहा कि लगभग 65 प्रतिशत दुर्घटनाओं में दोपहिया वाहन शामिल होते हैं और मृतकों में करीब 60 प्रतिशत दोपहिया वाहन चालक या सवार होते हैं। सड़क सुरक्षा माह के दौरान परिवहन विभाग द्वारा 25 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए तथा 18 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं का सबसे अधिक दुष्प्रभाव महिलाओं और पूरे परिवार पर पड़ता है, क्योंकि दुर्घटना में घायल या मृत व्यक्ति अक्सर परिवार का कमाने वाला सदस्य होता है। इस अवसर पर छात्राओं से अपील की गई कि वे बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के किसी को भी वाहन न चलाने दें तथा अपने परिवारजनों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करें।
एआरटीओ-प्रशासन कृष्ण कुमार यादव ने भारत सरकार द्वारा संचालित डिजिटल सेवाओं की जानकारी देते हुए बताया कि “नेक्स्ट जेन एम परिवहन” और “डिजिलॉकर” एप के माध्यम से वाहन व ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित दस्तावेजों को डिजिटल रूप में रखना पूरी तरह वैध है। इन एप्स से चालान की स्थिति जानने और ऑनलाइन भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध है।
जिला विद्यालय निरीक्षक नरेन्द्र पाल सिंह ने छात्राओं को अनुशासन, समयबद्धता और कर्तव्यनिष्ठा को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या दीपिका राजपूत ने उपस्थित 122 छात्राओं, शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई।






