कन्नौज में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, ट्रैक्टर-ट्रॉली व दो ओवरलोड डंपर जब्त
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। अवैध खनन के विरुद्ध प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। ठठिया थाना क्षेत्र में मिट्टी से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया गया, जबकि मौके से हाइड्रा मशीन का चालक फरार हो गया। पुलिस फरार चालक की तलाश में दबिश दे रही है।
यह कार्रवाई ठठिया थाना क्षेत्र के थम्मनपुरवा गांव में मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और अवैध रूप से मिट्टी का खनन कर रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर थाने लाकर सीज कर दिया। कार्रवाई के दौरान हाइड्रा मशीन का चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
जिला खनन विभाग ने इसी क्रम में ओवरलोडिंग के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए। जिला खनन अधिकारी स्वदेश पटेल ने बताया कि मौरंग से लदे दो ओवरलोड डंपर (UP74T9264 और UP74AT2636) को मानीमऊ तिराहे से जब्त किया गया। ये वाहन कानपुर नगर की सीमा से होकर कन्नौज में प्रवेश कर रहे थे और लंबे समय से अवैध रूप से परिचालन कर रहे थे।
जब्त किए गए दोनों डंपरों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। खनन अधिकारी ने ठठिया थाने पहुंचकर आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की और वाहनों को सीज कराया।
स्थानीय स्तर पर लंबे समय से अवैध खनन माफिया के सक्रिय होने की शिकायतें मिल रही थीं। मुखबिर की सूचना पर की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खनन के नेटवर्क पर करारा प्रहार माना जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।






