गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी ने निभाई परंपरागत दिनचर्या, गोसेवा कर गोवंश को खिलाया गुड़ बच्चों को दिया स्नेहाशीष
Share your love

संवाद 24 गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार सुबह गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान अपनी परंपरागत दिनचर्या का पालन करते नजर आए। उन्होंने सुबह सबसे पहले गोरखनाथ मंदिर में शिवावतार महायोगी गुरु गोरखनाथ के दर्शन-पूजन किए। इसके बाद उन्होंने अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि स्थल पर पहुंचकर श्रद्धापूर्वक मत्था टेका।
मंदिर प्रवास के दौरान गोसेवा मुख्यमंत्री की दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा रही। मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए सीएम योगी गोशाला पहुंचे, जहां उन्होंने कुछ समय व्यतीत किया। गोशाला में मुख्यमंत्री ने श्यामा, गौरी, गंगा, भोला सहित अन्य गोवंश को नाम लेकर पुकारा। उनकी आवाज सुनते ही कई गोवंश उनके पास दौड़ते हुए पहुंचे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोवंश के माथे पर स्नेहपूर्वक हाथ फेरा और अपने हाथों से उन्हें गुड़-रोटी खिलाई। इस दौरान उन्होंने गोशाला परिसर का निरीक्षण भी किया और वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। गोसेवा के दौरान मुख्यमंत्री का भावनात्मक जुड़ाव स्पष्ट रूप से देखने को मिला।
मंदिर परिसर में भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री की नजर जब परिजनों के साथ आए बच्चों पर पड़ी तो उन्होंने बच्चों को अपने पास बुलाया। बच्चों से नाम और पढ़ाई के बारे में जानकारी ली और स्नेहपूर्वक बातचीत की। मुख्यमंत्री ने बच्चों को चॉकलेट बांटी और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने तथा आगे बढ़ने का संदेश दिया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दो छोटे बच्चों को गोद में लेकर उनका अन्नप्राशन संस्कार भी कराया। मुख्यमंत्री के इस आत्मीय व्यवहार से वहां मौजूद श्रद्धालु और परिजन भावुक नजर आए।






