राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज बिरौली में वार्षिक उत्सव संपन्न, भारतीय संस्कृति की झलक
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। कन्नौज जनपद के तालग्राम क्षेत्र स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज, बिरौली में वार्षिक उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ईश्वर वंदना से हुआ। वार्षिक उत्सव 2026 की थीम “हमारी गौरवशाली संस्कृति” रही, जिसके अंतर्गत छात्रों ने परिवार के महत्व पर आधारित गीतों पर नृत्य प्रस्तुत किए। इसके साथ ही भारतीय पर्व-त्योहारों पर आधारित सांस्कृतिक नृत्यों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की कड़ी में विद्यार्थियों द्वारा महिला सशक्तिकरण पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा। इसके अलावा अवधी भाषा में प्रस्तुत किए गए पारंपरिक वैवाहिक गीतों ने कार्यक्रम में क्षेत्रीय लोकसंस्कृति की झलक दिखाई। विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों की नृत्य प्रस्तुतियां भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।
समारोह में विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य श्री कृष्ण मुरारी, वरिष्ठ प्रवक्ता सत्येंद्र सिंह, प्रवक्ता प्रफुल्ल कुमार सिंह, सहायक अध्यापक कोशॉक यादव तथा ग्राम प्रधान बिरौली गुड्डू राजपूत सहित बड़ी संख्या में छात्र और उनके अभिभावक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान वर्ष भर आयोजित विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों एवं विद्यालय प्रशासन द्वारा मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कक्षा 12 से आंशिक, सोनम, अंचल, सहगल; कक्षा 11 से शनि कुमार, सोनी, शिखा, ऋषभ, अंकिता; कक्षा 10 से रोशनी, साक्षी, अंकित, पायल, छाया तथा कक्षा 9 से आंशी, शिवांशी, अंकित और अभिषेक सहित कई विद्यार्थियों को सम्मान मिला।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था और शिक्षा समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को अपने कौशल का सतत विकास कर समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। वहीं प्रधानाचार्य ने विद्यालय की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए शैक्षणिक उपलब्धियों, उद्देश्यों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी।






