मटेहना में सूने घर को चोरों ने बनाया निशाना, नकदी-जेवर व सिलेंडर चोरी

संवाद 24 संवाददाता। बिशुनगढ़ थाना क्षेत्र के मटेहना गांव में सूने पड़े
एक घर को चोरों ने निशाना बनाते हुए नकदी, जेवरात और गैस सिलेंडर
चोरी कर लिया। घटना उस समय की है जब गृहस्वामी परिवार सहित घर
से बाहर गए हुए थे।

मटेहना गांव निवासी चंद्रपाल यादव पुत्र हरी सिंह सोमवार को अपने परिवार के साथ इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के सहियापुर गांव स्थित ससुराल गए थे। मंगलवार दोपहर करीब 3:30 बजे जब वह वापस लौटे और घर का मुख्य ताला खोला, तो अंदर का नजारा देख उनके होश उड़ गए।

पीड़ित के अनुसार चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए। जीने का दरवाजा खुला मिला, जबकि कमरे का ताला टूटा हुआ था। चोरों ने कमरे में टंगे एक बैग से करीब 15 हजार रुपये नकद और सोने के कान के टोप्स चोरी कर लिए। इसके अलावा कमरे के बाहर रखा घरेलू गैस सिलेंडर भी चोर उठा ले गए। चोरी के बाद खाली बैग को गैलरी में फेंक दिया गया।
घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम और चौकी प्रभारी राधे कृष्णा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई।

चौकी प्रभारी राधे कृष्णा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित से तहरीर प्राप्त होने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और जल्द चोरी का खुलासा करने की मांग की है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News