ठठिया क्षेत्र में बंद मकान से लाखों का सामान चोरी, दहेज के बर्तन सहित कई वस्तुएं ले उड़े चोर
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। ठठिया थाना क्षेत्र के श्यामपुर गांव में चोरों ने एक बंद पड़े मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य का घरेलू सामान चोरी कर लिया। घटना 25 जनवरी की रात की बताई जा रही है, जब अज्ञात चोरों ने मकान का ताला तोड़कर अंदर रखा सामान समेट लिया।
पीड़ित गृहस्वामी राशिद पुत्र वाहिद ने बताया कि वह अपने गांव में ही स्थित दूसरे मकान में रह रहे थे। सुबह जब वह बंद मकान पर पहुंचे तो ताला टूटा हुआ मिला और अंदर रखा सामान गायब था। इसके बाद उन्होंने तुरंत ठठिया थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के अनुसार, चोरों ने मकान के अंदर रखे बक्से को तोड़कर दहेज में मिले कीमती पीतल के बर्तन चुरा लिए। इसके अलावा एक गैस सिलेंडर, साइकिल, सिलाई मशीन तथा रजाई-गद्दा सहित अन्य घरेलू सामान भी चोरी कर लिया गया है।
घटना की सूचना के बाद ठठिया थाना प्रभारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। वहीं, हल्का इंचार्ज विनोद कुमार ने बताया कि पीड़ित का प्रार्थना पत्र प्राप्त हो गया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल वह एक अन्य मामले में व्यस्त हैं, लेकिन जल्द ही मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और जल्द चोरी का खुलासा करने की मांग की है।






