पांच दिवसीय बैंकिंग की मांग को लेकर हड़ताल, बैंक कर्मियों का प्रदर्शन शहर भर की शाखाओं पर लटके ताले
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। कानपुर में यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के आह्वान पर मंगलवार को बैंक कर्मियों ने एक दिवसीय अखिल भारतीय हड़ताल की। हड़ताल का मुख्य उद्देश्य बैंकों में पांच दिवसीय कार्यप्रणाली लागू करने की मांग को लेकर सरकार और बैंक प्रबंधन पर दबाव बनाना रहा। हड़ताल को पीएनबी प्रोग्रेसिव इम्प्लाइज एसोसिएशन (पीएनबीपीईए) ने पूर्ण समर्थन दिया।
इसी क्रम में पीएनबीपीईए कानपुर इकाई की ओर से पंजाब नेशनल बैंक के मंडल कार्यालय, बिरहाना रोड पर जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान बैंक कर्मियों ने मांगों के समर्थन में नारे लगाए और पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था को जल्द लागू करने की अपील की।
प्रदर्शन में संजय त्रिवेदी, मोहम्मद फाजिल, अरविंद कुमार, अभिनव, श्याम मिश्रा, अमित, यूसी गुप्ता, अजय, देवराज, हरिओम, रिंकू, उमेश, अरुण, लक्ष्मी, अनुराग, प्रांशु, रेनू, गरिमा, पुरनेंदु सहित बड़ी संख्या में बैंक कर्मचारी मौजूद रहे।
हड़ताल का शहर के बैंकिंग कार्यों पर व्यापक असर देखने को मिला। सभी प्रमुख सरकारी बैंकों की शाखाओं में ताले लटके रहे, जिससे ग्राहकों को दिनभर परेशानी का सामना करना पड़ा। नकद लेनदेन, चेक क्लियरेंस और अन्य बैंकिंग सेवाएं पूरी तरह ठप रहीं।
वहीं, बड़ा चौराहा स्थित इंडियन बैंक के बाहर सभी बैंक यूनियनों के संयुक्त बैनर तले कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। यूनियन नेताओं ने कहा कि अन्य केंद्रीय विभागों में पांच दिवसीय कार्यप्रणाली पहले से लागू है, ऐसे में बैंक कर्मियों के साथ भेदभाव किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।






