17 वर्षीय छात्र की निर्मम हत्या से इलाके में दहशत, देहात पुलिस की कई टीमें जांच में जुटीं

संवाद 24 संवाददाता। कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र में रविवार शाम दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। करियाझाला मोड़ पर एक युवक ने फोन कर बुलाए गए 17 वर्षीय किशोर पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इस जघन्य घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

रूरा थाना क्षेत्र के उमरायपुरवा अंबियापुर निवासी सुभाष पाल का बेटा सौरभ पाल (17) अंबेडकर नगर झींझक में अपनी बहन रुचि के साथ किराये के मकान में रहकर कक्षा 11 की पढ़ाई कर रहा था। रविवार शाम करीब छह बजे किसी युवक का फोन आने के बाद वह घर से निकला। कुछ ही देर बाद करियाझाला मोड़ पर आरोपी ने उस पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया।

गंभीर रूप से घायल सौरभ किसी तरह भागकर अपने एक दोस्त तक पहुंचा और घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। सौरभ को तत्काल झींझक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। लेकिन वहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक राजेश पांडेय मेडिकल कॉलेज पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने मौके और अस्पताल में साक्ष्य जुटाए। बहन रुचि ने बताया कि भाई की किसी से कोई रंजिश नहीं थी। शाम को फोन आने के बाद ही वह घर से निकला था, इसके बाद करीब एक घंटे में हमले की खबर मिली।

हत्या के खुलासे के लिए कई टीमें सक्रिय
हत्या के मामले में मंगलपुर थाना पुलिस के साथ एसओजी और सर्विलांस टीम को भी जांच में लगाया गया है। पुलिस सौरभ के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और सोशल मीडिया अकाउंट की गहन जांच कर रही है। हर पहलू से मामले की कड़ियां जोड़ने की कोशिश की जा रही है।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
किशोर की मौत की खबर मिलते ही बहन रुचि, मां कांति देवी और बड़े भाई नीतेश का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अस्पताल पहुंचे ग्राम प्रधान विवेक पाल सहित अन्य परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें ढांढस बंधाया।

एएसपी राजेश पांडेय ने बताया कि छात्र की गर्दन पर धारदार हथियार से वार किया गया है। फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए गए हैं। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपी की तलाश के लिए टीमें लगी हुई हैं।

Pavan Singh
Pavan Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *