गोंडा-लखनऊ मार्ग पर जाम से मिलेगी राहत, धनुषाकार कर्नलगंज बाईपास को मंजूरी

Share your love

संवाद 24 गोंडा। कर्नलगंज क्षेत्र में गोंडा-लखनऊ-बाराबंकी मुख्य मार्ग पर लगने वाले भीषण जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। राष्ट्रीय राजमार्ग लखनऊ खंड द्वारा प्रस्तावित कर्नलगंज बाईपास के निर्माण को शासन से स्वीकृति मिल गई है। यह बाईपास 14.1 किलोमीटर लंबा होगा और इसका आकार धनुष के समान रखा गया है।

बाईपास गोनवा के पास गोंडा-लखनऊ मुख्य मार्ग से कटकर दक्षिण दिशा में धौरहरा होते हुए मसौलिया तक जाएगा। इसके निर्माण से कर्नलगंज बस अड्डा, हुजूरपुर तिराहा, परसपुर रोड और सरयू कटरा घाट जैसे जामग्रस्त इलाकों से गुजरने की मजबूरी खत्म हो जाएगी। इससे लखनऊ और कानपुर जाने वाले यात्रियों का समय और ईंधन दोनों की बचत होगी।

देवीपाटन मंडल मुख्यालय गोंडा से प्रतिदिन लगभग एक लाख लोग कर्नलगंज-बाराबंकी मार्ग से लखनऊ व कानपुर की ओर आवागमन करते हैं। जाम की वजह से कई बार एंबुलेंस और गंभीर मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। नया बाईपास इन समस्याओं को काफी हद तक समाप्त करेगा।

परियोजना के तहत पुराने सरयू सेतु के स्थान पर एक नया पुल भी बनाया जाएगा, जिसके लिए 896 करोड़ 50 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। नया सरयू पुल बनने से बार-बार क्षतिग्रस्त होने वाले पुराने सेतु से भी लोगों को राहत मिलेगी।

बाईपास निर्माण के लिए कोचा, कादीपुर, कुम्हारगढ़ी, करुआ, सकरौरा ग्रामीण, बिरवा, बसेहिया, मुंडरेवा, हरिगवा, कूरी, पारा, चंगेरिया, भुंभआ, अहिरौरा और मसौलिया सहित कुल 16 गांवों की भूमि अधिग्रहण की जाएगी। संबंधित गांवों में गाटा संख्या चिह्नित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

राष्ट्रीय राजमार्ग लखनऊ खंड के अधिशासी अभियंता राजकुमार पिथौरिया ने बताया कि भूमि अधिग्रहण पूरा होते ही निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। बाईपास के बन जाने से सरयू और जहांगिरवा रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले लंबे जाम से भी निजात मिलेगी।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News