गोरखपुर में जमीन विवाद ने ली युवक की जान, घर में घुसकर गोली मारकर हत्या
Share your love

संवाद 24 गोरखपुर। झंगहा थाना क्षेत्र अंतर्गत दुबौली गांव में रविवार सुबह जमीन विवाद को लेकर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात उस समय हुई जब आरोपी घर में घुस आए और परिजनों के सामने ही हमला कर दिया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान पंकज निषाद के रूप में हुई है। रविवार सुबह करीब नौ बजे पंकज अपने घर में मौजूद थे। इसी दौरान 4 से 5 की संख्या में आरोपी घर में घुस आए और विवाद के चलते हमला कर दिया। हमले में पंकज को गोली मार दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
गोली लगने के बाद परिजन पंकज को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की बेटी ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि घटना में शामिल सभी आरोपी उनके पट्टीदार हैं। आरोप है कि पहले आरोपियों ने उनके चाचा पर कुदाल से हमला किया। चाचा को बचाने के लिए जब पंकज बीच-बचाव करने पहुंचे तो उनके साथ मारपीट की गई और जबरन कमरे में ले जाकर गोली मार दी गई।
घटना के समय घर में पंकज के माता-पिता, भाई-बहन और बच्चे भी मौजूद थे। आरोप है कि एक आरोपी ने पंकज को पास बुलाया और नजदीक से गोली चला दी। गोली लगते ही पंकज जमीन पर गिर पड़े और आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही झंगहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण जमीन विवाद सामने आया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। सीओ चौरीचौरा सहित पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और हालात पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।






