
संवाद 24 संवाददाता। थाना ठठिया क्षेत्र अंतर्गत चिघरवापुर गांव में एक 30 वर्षीय महिला ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। रविवार सुबह महिला का शव कमरे के अंदर फंदे से लटका मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान पूनम (30) पत्नी दिलीप कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार शनिवार शाम को पूनम अपने कमरे में सोने गई थी, जबकि उसके पति दिलीप कुमार कमरे के बाहर छप्पर के नीचे सो रहे थे। रविवार सुबह करीब पांच बजे जब दिलीप की नींद खुली और पूनम के न उठने पर उन्होंने कमरे की ओर देखा, तो कमरा अंदर से बंद मिला।
काफी आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद दिलीप ने खिड़की से झांककर देखा तो पूनम का शव फांसी के फंदे पर लटका दिखाई दिया। यह दृश्य देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। तत्काल इसकी सूचना औसेर पुलिस चौकी को दी गई।
सूचना मिलते ही थाना ठठिया प्रभारी देवेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को फंदे से नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी देवेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल महिला द्वारा यह कदम उठाने के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।






