बांकेबिहारी मंदिर में महिला श्रद्धालु से मारपीट, दो अंगुलियां टूटीं; सेवायत पर गंभीर आरोप
Share your love

संवाद 24 मथुरा। (वृंदावन) स्थित प्राचीन श्री बांकेबिहारी मंदिर में शुक्रवार को एक महिला भक्त से कथित तौर पर बदसलूकी हुई। उत्तराखंड के उधम सिंह नगर, सितारगंज निवासी सुमित्रा दर्शन के लिए मंदिर प्रांगण में लगी रेलिंग की ओर बढ़ रही थीं, तभी वहां मौजूद मंदिर सेवायत मोहित गोस्वामी ने उनका हाथ पकड़कर मरोड़ दिया, जिससे महिला की दो अंगुलियों में फ़्रैक्चर (हड्डी टूटने) की पुष्टि की गई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि गोस्वामी ने कहा था कि पैसे देने पर ही दर्शन कराए जाएंगे, अन्यथा नहीं।
जख्मी महिला को मंदिर की चिकित्सा टीम ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला संयुक्त चिकित्सालय के लिए भेजा, जहाँ डॉक्टर्स ने उनकी दो अंगुलियों में फ्रैक्चर बताया। घटना के बाद महिला ने कोतवाली थाने में गंभीर चोट और मारपीट की तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के समय मंदिर के प्रवेश द्वार-2 पर तैनात सुरक्षा गार्ड से भी सेवायत गोस्वामी ने गाली-गलौज और मारपीट की, जिस कारण सुरक्षा गार्ड ने खुद कोतवाली में तहरीर दी है। गार्ड के अनुसार, जब उन्होंने गोस्वामी से कारण पूछा तो गाली दी और डंडे से हमला किया। इस दौरान वहाँ मौजूद कुछ सुरक्षा कर्मियों और पुलिसकर्मी ने कोई त्वरित कार्रवाई नहीं की।
यह मामला धार्मिक स्थल पर श्रद्धालुओं के आस्था-भावना और सुरक्षा की व्यवस्था पर प्रश्न चिन्ह उठाता है। पुलिस अधिकारी ने कहा है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।






