राष्ट्रीय मतदाता दिवस आज: यूपी में महिला, युवा मतदाता और बीएलओ होंगे सम्मानित
Share your love

संवाद 24 लखनऊ। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर रविवार, 25 जनवरी को उत्तर प्रदेश भर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में राजधानी लखनऊ में एक राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें महिला और युवा मतदाताओं के साथ-साथ चुनावी प्रक्रिया में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अधिकारियों को सम्मानित किया जाएगा।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम अपराह्न दो बजे से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान स्थित मरकरी ऑडिटोरियम में आयोजित होगा। कार्यक्रम में मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने में मतदाताओं की भूमिका पर विशेष रूप से चर्चा की जाएगी।
इस वर्ष राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम “मेरा भारत–मेरा वोट” रखी गई है। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों, विशेषकर युवाओं और महिलाओं को मतदान के प्रति जागरूक करना तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ), बीएलओ सुपरवाइजर, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) और जिला निर्वाचन अधिकारियों को भी सम्मानित किया जाएगा। चुनावी कार्यों में उनकी भूमिका और योगदान को सराहा जाएगा।
इसके साथ ही मतदाता दिवस के अवसर पर “जरनी ऑफ इलेक्शन” थीम पर आधारित एक प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिसमें भारत की निर्वाचन प्रणाली के विकास और चुनावी सुधारों को प्रदर्शित किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से मतदान के महत्व और लोकतंत्र की मजबूती पर विचार साझा किए जाएंगे।
गौरतलब है कि भारत निर्वाचन आयोग की स्थापना के उपलक्ष्य में वर्ष 2011 से प्रतिवर्ष 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जा रहा है।






