चार महीने बाद पकड़ में आया एक लाख का इनामी बदमाश, महिला की हत्या और लूट का था आरोपी

संवाद 24 संवाददाता। पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक लाख रुपये के इनामी अपराधी जसवंत उर्फ पंकज चौहान को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले चार महीनों से फरार चल रहा था और महिला की हत्या व लूट के गंभीर मामले में वांछित था। उसकी गिरफ्तारी तिर्वा क्षेत्र में की गई, जहां वह छिपकर रह रहा था।

यह मामला 22 सितंबर 2025 का है, जब सदर कोतवाली क्षेत्र के कुतुलूपुर मोहल्ले में रहने वाली सुनीता श्रीवास्तव की उनके ही घर में बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि जसवंत और उसका साथी सूरज कश्यप टाइल्स लगाने के बहाने सुनीता के घर पहुंचे थे। काम के दौरान उन्होंने मौका पाकर सुनीता और उनकी बड़ी बेटी दिया श्रीवास्तव को बंधक बना लिया। दोनों के मुंह में कपड़ा ठूंसकर पहले लूटपाट की गई और फिर सुनीता की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।

घटना के बाद पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान आरोपी सूरज कश्यप को रामपुर गढ़ी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन जसवंत उर्फ पंकज चौहान फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन द्वारा एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

शुक्रवार को पुलिस और एसटीएफ को मुखबिर से सूचना मिली कि जसवंत तिर्वा क्षेत्र में मौजूद है। इसके बाद टीमों ने इलाके में घेराबंदी की। दोपहर के समय तिर्वा रोड पर उसकी मोटरसाइकिल खराब हो गई, जिससे वह सड़क किनारे खड़ा हो गया। इसी दौरान पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे दबोच लिया।

गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से पुलिस ने एक चांदी की मूर्ति, एक चांदी की अंगूठी और 16,680 रुपये नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में जसवंत ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने और सूरज कश्यप ने टाइल्स लगाने के दौरान वारदात को अंजाम दिया था और लूटे गए जेवरात को ग्राम छपिया स्थित विजय ज्वैलर्स (थाना तुलसीपुर क्षेत्र) में बेच दिया था।

पुलिस के अनुसार, सूरज कश्यप की गिरफ्तारी के बाद से ही जसवंत लगातार ठिकाने बदल रहा था। शुक्रवार को वह तिर्वा से कन्नौज की ओर जा रहा था, तभी तिर्वा रोड पर उसकी बाइक खराब हो गई और उसी दौरान पुलिस ने उसे पकड़ लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है, जहां से उसे जेल भेजे जाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News