एमजीए कॉलेज में बवाल के बाद बदला गया परीक्षा केंद्र, श्रीमती रामकली सेंटर पर शुरू हुई दिल्ली पुलिस परीक्षा

Share your love

संवाद 24 संवाददाता। कानपुर में दिल्ली पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर उत्पन्न अव्यवस्था के बाद बुधवार को प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए परीक्षा को नए केंद्र पर सफलतापूर्वक शुरू कराया। मंगलवार को महाराजपुर थाना क्षेत्र के पुरवामीर स्थित एमजीए कॉलेज में तकनीकी खराबी के कारण प्रथम पाली की परीक्षा निरस्त करनी पड़ी थी, जिससे परीक्षार्थियों में भारी आक्रोश फैल गया।

तकनीकी समस्या के चलते परीक्षा रद्द होने की सूचना मिलते ही गुस्साए अभ्यर्थियों ने कॉलेज के मुख्य गेट को तोड़ते हुए परिसर में प्रवेश किया और जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान सर्वर रूम को भी नुकसान पहुंचाया गया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सूचना मिलते ही एसीपी चकेरी और एसडीएम विवेक कुमार मिश्रा मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालते हुए छात्रों को शांत कराया।

प्रशासन की ओर से अभ्यर्थियों को आश्वासन दिया गया कि एसएससी के तहत निरस्त परीक्षा को दूसरे केंद्र पर दोबारा आयोजित किया जाएगा। इसी क्रम में बुधवार सुबह परीक्षा को श्रीमती रामकली इकबाल बहादुर ऑनलाइन सेंटर में स्थानांतरित कर सुचारू रूप से शुरू कराया गया।

एसएससी के ऑब्जर्वर अजय यादव और जिला प्रशासन की ओर से तैनात एसएम कन्हैयालाल तिवारी ने बताया कि इस परीक्षा में लगभग 340 अभ्यर्थियों को शामिल होना था, लेकिन सुबह निर्धारित समय तक केवल 50 से 60 परीक्षार्थी ही केंद्र पर पहुंच सके। परीक्षा में प्रवेश सुबह आठ बजे से नौ बजे के बीच कराया गया।

परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। दिल्ली पुलिस के साथ-साथ स्थानीय प्रशासन की टीम भी केंद्र पर तैनात रही, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो। प्रशासन का कहना है कि शेष अभ्यर्थियों की उपस्थिति और परीक्षा संचालन को लेकर एसएससी के दिशा-निर्देशों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Pavan Singh
Pavan Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News