शताब्दी वर्ष पर तिर्वा में आयोजित हुआ सकल हिंदू समाज का भव्य हिंदू सम्मेलन
Share your love

संवाद 24 कन्नौज। शताब्दी वर्ष के अवसर पर सकल हिंदू समाज द्वारा आयोजित हिंदू सम्मेलन तिर्वा नगर स्थित माधव बस्ती में भव्य रूप से संपन्न हुआ। सम्मेलन में नगर व आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, समाजबंधु तथा मातृशक्ति की सहभागिता रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ आगंतुकों के माध्यम से मां भारती के समक्ष दीपोत्सव के साथ हुआ। इसके बाद नगर की शाखाओं से निकले स्वयंसेवकों द्वारा सांस्कृतिक मंचन प्रस्तुत किया गया, जिसमें स्वागत गीत, शिव तांडव सहित विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शामिल रहीं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के पश्चात सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया।
समापन सत्र में भारत माता की आरती संपन्न हुई। आरती के उपरांत “हिंदू–हिंदू भाई–भाई” जैसे नारों से पूरा पंडाल गूंज उठा, जिससे वातावरण सामाजिक एकता और राष्ट्रभाव से ओतप्रोत हो गया।
सम्मेलन में अध्यक्ष के रूप में श्री रामजी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विजय जी, राजेंद्र जी, योगेश जी (नगर/खंड प्रचारक), अनिल जी, वीरेश जी, राधे जी, राजबहादुर जी, सागर जी सहित हिंदू समाज के पुरुषों व महिलाओं की व्यापक सहभागिता दर्ज की गई।
कार्यक्रम का प्रमुख बौद्धिक विजय जी (विभाग कार्यवाह) द्वारा प्रस्तुत किया गया। उन्होंने पंच परिवर्तन के पांच विषय सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, नागरिक कर्तव्य, पर्यावरण संरक्षण तथा स्व का बोध—पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग से इन मूल्यों को जीवन में उतारने का आह्वान किया।
आयोजकों के अनुसार, इस हिंदू सम्मेलन का उद्देश्य सामाजिक एकता, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रभाव को सुदृढ़ करना रहा, जिसमें नगरवासियों की सक्रिय भागीदारी सराहनीय रही।






