TDI मॉल के सामने तेज रफ्तार बस का कहर, बाइक सवार दो मैनेजरों की मौत, एक गंभीर

Share your love

संवाद 24 संवाददाता। फतेहाबाद रोड स्थित टीडीआई मॉल के पास बुधवार देर रात तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार युवकों को पीछे से टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बस बाइक को करीब 20 मीटर तक घसीटती चली गई। दुर्घटना में पॉली कैब इलेक्ट्रिकल कंपनी के दो मैनेजरों की मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

घटना बुधवार रात करीब 12:30 बजे टीडीआई मॉल के सामने मेट्रो स्टेशन के नीचे हुई। पुलिस के अनुसार, तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार तीन युवकों को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक बस में फंस गई और चालक उसे घसीटते हुए काफी दूरी तक ले गया। हादसे में बाइक सवार पॉली कैब इलेक्ट्रिकल कंपनी के सेल्स मैनेजर 40 वर्षीय अनिल कुमार, निवासी तेलीपाड़ा, ताजगंज की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में कंपनी के एरिया सेल्स मैनेजर 28 वर्षीय हर्षित बिथरिया, निवासी राधा कृष्ण विद्या मंदिर, लोहिया नगर, फिरोजाबाद और उनके साथी कर्मचारी आकाश राठौड़, निवासी तेलीपाड़ा, ताजगंज गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां डॉक्टरों ने हर्षित बिथरिया को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल आकाश को उसके स्वजन निजी अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज जारी है।

गुरुवार सुबह मृतकों की शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने उनके स्वजन को सूचना दी। हर्षित के चाचा अरविंद बिथरिया ने बताया कि तीनों कर्मचारी क्षेत्र में डीलरों से मुलाकात कर लौट रहे थे। हर्षित के पिता सुनील शर्मा फिरोजाबाद में श्री राधा कृष्ण विद्या मंदिर विद्यालय का संचालन करते हैं।

इस हादसे से अनिल और हर्षित के घरों में कोहराम मच गया। हर्षित का शव देखकर पिता सुनील शर्मा, मां आशा शर्मा और बड़े भाई चेतन बदहवास हो गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसा बस की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुआ।

इंस्पेक्टर ताजगंज जसवीर सिंह सिरोही ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में लेकर एकता थाना क्षेत्र की तोरा चौकी पर खड़ा करा दिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News