धूप के बाद लौटी कड़ाके की सर्दी, फर्रुखाबाद में शीतलहर का कहर
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। जनपद में एक बार फिर कड़ाके की सर्दी और घने कोहरे ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रविवार सुबह से ही कोहरे की मोटी परत छाई रही, जिससे दृश्यता बेहद कम होकर 10 मीटर तक सिमट गई। मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहा।
बीते कुछ दिनों पहले धूप निकलने से लोगों को राहत की उम्मीद जगी थी, लेकिन अचानक मौसम के बदले मिजाज ने ठंड को और तीखा कर दिया। शनिवार के बाद रविवार को भी जिले में घना कोहरा और शीतलहर का असर साफ नजर आया। सुबह करीब 6 बजे विजिबिलिटी मात्र 5 मीटर तक पहुंच गई थी, जो बाद में बढ़कर लगभग 10 मीटर हो सकी।
कोहरे और सर्द हवाओं के कारण सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। इटावा-बरेली हाईवे, फर्रुखाबाद-दिल्ली मार्ग और फर्रुखाबाद-कानपुर मार्ग समेत सभी प्रमुख सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। वाहन चालक हेडलाइट जलाकर बेहद सावधानी से सफर करते दिखे।
ठंड से बचाव के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। ग्रामीण इलाकों में पाले का असर भी देखा गया, जिससे किसानों और आमजन की चिंता बढ़ गई है। गंगा पार क्षेत्र के ग्राम बदनपुर से आए रघुवीर ने बताया कि घना कोहरा और तेज सर्दी के कारण उन्हें दस्ताने और टोपी पहनकर निकलना पड़ा। वहीं ग्राम जिठौली निवासी अभिषेक ने बताया कि करीब 15 किलोमीटर की यात्रा के दौरान अत्यधिक ठंड और कोहरे के चलते हाथ-पैरों में गलन होने लगी, जिससे बाइक चलाना कठिन हो गया।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले कुछ दिनों तक शीतलहर और कोहरे का असर बने रहने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक यात्रा से बचें और ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें।






