चाइनीज मांझे की चपेट में आया बाइक सवार छात्र, नाक और आंख के पास गहरा जख्म, किदवई नगर थाना क्षेत्र में हुआ हादसा

संवाद 24 संवाददाता। कानपुर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। गुरुवार शाम किदवईनगर थाना क्षेत्र में चाइनीज मांझे की चपेट में आने से बाइक सवार छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। मांझे से छात्र की नाक और आंख के पास गहरा कट लग गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

निरालानगर निवासी सत्यम सिंह, जो डीएवी कॉलेज में स्नातक के छात्र हैं, गुरुवार शाम करीब पांच बजे जूही गौशाला से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह किदवईनगर थाने के पास पहुंचे, सड़क किनारे पेड़ से उलझा हुआ चाइनीज मांझा अचानक उनके चेहरे में फंस गया। तेज धार वाले मांझे से उनकी आंख और नाक के पास गंभीर चोट आ गई।

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मदद करते हुए घायल छात्र को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। राहत की बात यह रही कि आंख को गंभीर नुकसान नहीं पहुंचा। उपचार के बाद सत्यम को घर भेज दिया गया।

फिर उठा चाइनीज मांझे पर सवाल
इस घटना ने एक बार फिर चाइनीज मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर प्रतिबंध के बावजूद इसके खुलेआम उपयोग पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हर साल चाइनीज मांझे से राहगीरों, बाइक सवारों और पक्षियों के घायल होने की घटनाएं सामने आती हैं, लेकिन इसके बावजूद यह पूरी तरह बाजार से खत्म नहीं हो पा रहा है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि चाइनीज मांझे के खिलाफ सख्त अभियान चलाकर इसकी बिक्री पर प्रभावी रोक लगाई जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Pavan Singh
Pavan Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *