सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता के भाई को धमकाने वाला सीतापुर से गिरफ्तार, मुकदमा दर्ज

संवाद 24 संवाददाता। सचेंडी सामूहिक दुष्कर्म कांड में नया मोड़ सामने आया है। पीड़िता किशोरी के भाई को व्हाट्सएप के माध्यम से धमकी देने वाले आरोपी को क्राइम ब्रांच टीम ने सीतापुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सीतापुर निवासी अमित त्रिवेदी के रूप में हुई है।

क्राइम ब्रांच ने आरोपी को मोबाइल नंबर के आधार पर ट्रेस कर हिरासत में लिया और उसे सीतापुर से कानपुर लाया गया है। फिलहाल उससे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी का मुख्य आरोपी अमित मौर्या से क्या संबंध है और उसने पीड़ित परिवार को धमकाने जैसी हरकत क्यों की।
पीड़िता के भाई की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

समझौते का दबाव डालने का आरोप
पीड़िता के भाई ने आरोप लगाया था कि उसे एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा व्हाट्सएप पर लगातार संदेश भेजकर समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा है। सोमवार को एक अनजान नंबर से कई धमकी भरे संदेश भेजे गए, जिनमें फरार दरोगा को ‘शरीफ’ बताते हुए पीड़ित परिवार को डराने का प्रयास किया गया। धमकी देने वाले व्यक्ति की व्हाट्सएप प्रोफाइल में नाम ‘छोटू कुशवाहा’ दर्ज था।

पांच जनवरी की रात हुई थी घटना
गौरतलब है कि सचेंडी थाना क्षेत्र के एक गांव में पांच जनवरी की रात एक किशोरी को स्कॉर्पियो से अगवा कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया था। इस मामले में यूट्यूबर शिवबरन और चौकी प्रभारी भीमसेन अमित मौर्या पर गंभीर आरोप लगे थे।

शुरुआत में पुलिस पर मामले को दबाने और अज्ञात में मुकदमा दर्ज करने के आरोप लगे। हालांकि, जब प्रकरण उच्चाधिकारियों के संज्ञान में आया तो यूट्यूबर शिवबरन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया, जबकि आरोपी दरोगा रवानगी कराकर फरार हो गया।

कार्रवाई की गाज अधिकारियों पर भी गिरी
मामले के तूल पकड़ने के बाद तत्कालीन डीसीपी दिनेश त्रिपाठी और एसीपी पनकी शिखर को पद से हटा दिया गया था। वहीं, इंस्पेक्टर विक्रम सिंह, चौकी प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया। फरार दरोगा की तलाश में पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच और एसटीएफ की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस का कहना है कि पीड़ित परिवार को डराने या प्रभावित करने की किसी भी कोशिश को गंभीरता से लिया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Pavan Singh
Pavan Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News