जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप: निजी प्लॉट की नींव उखाड़ने पहुंचे दबंग, लाठी-डंडों व पथराव में गर्भवती बहू समेत तीन घायल

Share your love

संवाद 24 संवाददाता। शहर से सटे नरायनपुर बगीचा इलाके में निजी प्लॉट की नींव तोड़कर जबरन रास्ता निकालने की कोशिश का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। दबंगों ने सुनियोजित तरीके से हमला करते हुए लाठी-डंडों, सरिया और छत से पथराव किया। इस हिंसा में दंपती और उनकी गर्भवती बहू गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए Lohia Hospital में भर्ती कराया है।

पीड़ित अरुण कुमार (58), निवासी मोहल्ला नरायनपुर बगीचा, ने बताया कि उन्होंने करीब पांच वर्ष पूर्व अपनी पत्नी नन्हीं देवी (55) के नाम एक प्लॉट क्रय किया था, जिसमें विधिवत नींव भी भरवाई गई थी। आसपास के कुछ लोगों के प्लॉट तक सीधा रास्ता नहीं है, इसी को आधार बनाकर वे दबंगई के बल पर नन्हीं देवी के प्लॉट से रास्ता निकालने का दबाव बना रहे थे।

रविवार देर शाम आरोप है कि दबंगों का एक समूह एकत्र होकर प्लॉट की नींव उखाड़ने लगा। विरोध करने पर अरुण कुमार के साथ मारपीट शुरू कर दी गई। शोर सुनकर बचाव में पहुंचीं नन्हीं देवी पर भी लाठी-डंडों से हमला किया गया। इसी दौरान पुत्र कृष्णगोपाल की गर्भवती पत्नी साक्षी (22) मौके पर पहुंचीं तो कथित तौर पर हमलावरों के घर की महिलाओं और युवकों ने उन्हें पकड़कर पीटा।

स्थिति बिगड़ते देख आरोपियों ने छत से पथराव शुरू कर दिया। लाठी-डंडों, सरिया और पथराव में अरुण, नन्हीं देवी और साक्षी को गंभीर चोटें आईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को अस्पताल पहुंचाकर चिकित्सकीय परीक्षण कराया।

पीड़ित अरुण कुमार ने कादरीगेट थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी कपिल कुमार ने बताया कि मारपीट की घटना सामने आई है, घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और प्राप्त तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News