यूपी में बदला मौसम का मिज़ाज : मथुरा में ओले, गाजियाबाद में बूंदाबांदी, काशी में 22 साल का ठंड का रिकॉर्ड टूटा, 33 जिलों में कोल्ड-डे

Share your love

संवाद 24 उत्तरप्रदेश। उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। मथुरा में सुबह तेज बारिश के साथ ओले गिरे, जबकि गाजियाबाद और नोएडा में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। बारिश और बर्फीली हवाओं के कारण ठंड और बढ़ गई, जिससे लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए।

प्रदेश के अयोध्या, झांसी, अमेठी, सुल्तानपुर, मेरठ समेत करीब 35 जिले घने कोहरे की चपेट में हैं। कई इलाकों में विजिबिलिटी शून्य के करीब पहुंच गई।

काशी में टूटा 22 साल का रिकॉर्ड

जनवरी में ठंड का रिकॉर्ड टूट गया। काशी (वाराणसी) में 24 घंटे के भीतर दिन के तापमान में 9.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 11.4°C रहा, जो इससे पहले 17 जनवरी 2003 (11.6°C) में दर्ज किया गया था।

प्रदेश के 33 जिलों में कोल्ड-डे जैसे हालात बने हुए हैं। कोल्ड-डे में दिन का अधिकतम तापमान 16°C या उससे कम और सामान्य से 4–6 डिग्री कम रहता है।

सबसे ठंडे जिले

पिछले 24 घंटों में अलीगढ़ सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.4°C दर्ज किया गया।

  • मेरठ: 4.3°C
  • रायबरेली: 4.4°C
  • बरेली, बाराबंकी, बिजनौर: 4.5°C

स्कूल और यातायात पर असर

  • लखनऊ, कौशांबी, मेरठ में 8वीं तक के स्कूल 10 जनवरी तक बंद
  • शाहजहांपुर में 12वीं तक के स्कूल 14 जनवरी तक बंद
  • मथुरा, प्रयागराज, बरेली, अंबेडकरनगर, कन्नौज, चंदौली में स्कूल 10 जनवरी तक बंद

कोहरे के चलते सड़क, रेल और हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

  • करीब 70 ट्रेनें देरी से चल रही हैं
  • बरौनी–नई दिल्ली स्पेशल ट्रेन 27 घंटे लेट रही
  • वाराणसी एयरपोर्ट पर 12 उड़ानें रद्द, कई विमानों को लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली

मौसम वैज्ञानिक का अनुमान

मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह के अनुसार, पहाड़ी इलाकों से आ रही ठंडी पछुआ हवाओं और पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले तीन दिन मौसम में उतार-चढ़ाव रहेगा। 11 जनवरी के बाद कोहरे में कमी आने की संभावना है।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News