12 दिन से लापता होटल संचालक का सेंगुर नदी में उतराता मिला शव, पार्टनरों से चल रहा था विवाद, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Share your love

संवाद 24 संवाददाता। मंगलपुर थाना क्षेत्र के वहबलपुर गांव निवासी एक युवक का शव मंगलवार को सेंगुर नदी में उतराता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 26 वर्षीय बृजेंद्र सिंह उर्फ भाटी के रूप में हुई है, जो बीते 12 दिनों से लापता था। बृजेंद्र दिबियापुर में पार्टनरशिप में होटल का संचालन करता था और हाल के दिनों में उसका अपने साझेदारों से विवाद चल रहा था। परिजनों ने उसकी हत्या कर शव नदी में फेंके जाने का आरोप लगाया है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पार्टनरों से विवाद के बाद हुआ था लापता
परिजनों के अनुसार, बृजेंद्र सिंह दिबियापुर में अजीत, संदीप, शिवा और उमाशंकर के साथ मिलकर होटल चला रहा था। कुछ समय से पार्टनरों के बीच आपसी विवाद चल रहा था। 25 दिसंबर की रात बृजेंद्र दिबियापुर से गांव आया था और उसने घरवालों को अपने विवाद की जानकारी दी थी।

अगले दिन 26 दिसंबर की सुबह वह बाइक लेकर दिबियापुर जाने की बात कहकर घर से निकला, लेकिन वहां कभी नहीं पहुंचा। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला।

लावारिस मिली थी बाइक, दर्ज हुई थी गुमशुदगी
28 दिसंबर को बृजेंद्र की बाइक वहबलपुर के पास स्थित एसकेआईटी कॉलेज के सामने खड़ंजे पर लावारिस हालत में खड़ी मिली थी। इसके बाद मृतक के भाई महेंद्र सिंह ने मंगलपुर थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

नदी में मिला शव, परिवार में मचा कोहराम
मंगलवार को गांव से करीब 700 मीटर दूर सेंगुर नदी में बृजेंद्र का शव उतराता मिला। जानकारी मिलने पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि चंद्रभान सिंह उर्फ बाबा फौजी, परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शव को नदी से बाहर निकलवाकर पुलिस को सूचना दी।

शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। मां मंशा देवी बेटे का शव देखकर बदहवास हो गईं, जबकि भाई महेंद्र सिंह, चाचा बृजपाल सिंह, हरपाल सिंह और रमेश सिंह का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

पुलिस कर रही जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
इंस्पेक्टर मंगलपुर महेश कुमार ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस मृतक के होटल पार्टनरों समेत सभी संदिग्ध पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

Pavan Singh
Pavan Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News