
संवाद 24 फर्रुखाबाद। लखनऊ में शीतलहर और घने कोहरे ने जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। रात से ही शहर में बादल छाए हुए हैं और बर्फीली पछुआ हवाएं चल रही हैं। हालात ऐसे हैं कि कई इलाकों में 10 मीटर तक की विजिबिलिटी भी नहीं बची है।
मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। दोपहर में हल्की धूप निकल सकती है, लेकिन सुबह-शाम कड़ाके की ठंड बनी रहेगी।
सोमवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 18.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से 0.6 डिग्री नीचे था। अधिकतम आर्द्रता 87% और न्यूनतम 52% दर्ज की गई।
8वीं तक की कक्षाएं 3 दिन बंद
घने कोहरे के तीन दिन के अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूलों को 6, 7 और 8 जनवरी तक बंद रखने का आदेश जारी किया है।
सड़कों पर असर
कोहरे के चलते सुबह-सुबह सड़कें सुनसान रहीं। ज्यादातर वाहन हेडलाइट जलाकर चलते नजर आए। कामगार सड़क किनारे वाहनों का इंतजार करते दिखे, वहीं कई लोग ठंड से बचने के लिए इमारतों की आड़ में रात गुजारने को मजबूर हुए।
ठंड से राहत की उम्मीद
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद पहाड़ी इलाकों से आ रही ठंडी और शुष्क हवाओं के कारण तापमान गिरा है। हालांकि अगले 2 दिनों बाद कोहरे की तीव्रता घटने और तापमान में हल्की बढ़ोतरी से ठंड से कुछ राहत मिलने की संभावना है।






