राह चलते और बाजारों में मोबाइल लूटने वाले दो शातिर गिरफ्तार सात मोबाइल बरामद, स्कूटी जब्त; दोनों आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे

Share your love

संवाद 24 संवाददाता। राह चलते मोबाइल पर बात करने वाले लोगों और बाजारों में भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल लूट व चोरी करने वाले दो शातिर अपराधियों को चमनगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने लूट और चोरी के सात मोबाइल फोन बरामद किए हैं। वारदात में प्रयुक्त स्कूटी भी जब्त कर ली गई है।

डीसीपी सेंट्रल श्रवण कुमार सिंह ने सोमवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 31 दिसंबर को लाटूश रोड निवासी फौजिया खान पीरोड से बजरिया की ओर पैदल जा रही थीं। इसी दौरान हरसहाय स्कूल के पास स्कूटी सवार दो युवकों ने झपट्टा मारकर उनका मोबाइल फोन लूट लिया था। पीड़िता की तहरीर पर बजरिया थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

चेकिंग के दौरान मिली सफलता
घटना के बाद पुलिस ने चुनौती के तौर पर आरोपियों की तलाश शुरू की। सोमवार सुबह चमनगंज पुलिस चंद्रिका देवी चौराहे के पास चेकिंग कर रही थी, तभी सूचना मिली कि डिप्टी पड़ाव के पास एक गली में दो युवक लूट व चोरी के मोबाइल बेचने की फिराक में खड़े हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों युवकों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बेकनगंज निवासी इकराम और अल्तमश के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से सात मोबाइल फोन बरामद किए गए, जो लूट और चोरी की घटनाओं से जुड़े बताए जा रहे हैं।

ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
डीसीपी सेंट्रल ने बताया कि आरोपी राह चलते मोबाइल पर बात करने वालों और बाजारों में व्यस्त लोगों को अपना निशाना बनाते थे। वारदात के दौरान अल्तमश स्कूटी चलाता था, जबकि इकराम झपट्टा मारकर मोबाइल लूटता था। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल स्कूटी को भी बरामद कर लिया है।

आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस
पुलिस जांच में सामने आया है कि अल्तमश पर पहले से तीन और इकराम पर दो आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। दोनों आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

फिलहाल पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर आगे और खुलासे हो सकते हैं।

Pavan Singh
Pavan Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News