पुलिस की होटल में छापेमारी, तीन कर्मचारी हिरासत में लूट की घटना से जुड़ी पूछताछ के लिए एसओजी ने की कार्रवाई

संवाद 24 संवाददाता। कस्बे के जीटी रोड स्थित मकनपुर तिराहे पर बने एक होटल में रविवार शाम कन्नौज पुलिस की एसओजी टीम ने अचानक छापेमारी की। इस कार्रवाई में होटल संचालक समेत तीन कर्मचारियों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए साथ ले जाया गया। छापेमारी की खबर फैलते ही आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार शाम कन्नौज की एसओजी टीम दो गाड़ियों से होटल पहुंची। पुलिसकर्मियों ने होटल में मौजूद कर्मचारियों से गहन पूछताछ की और सीसीटीवी फुटेज, रजिस्टर समेत अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की। करीब एक घंटे तक चली इस कार्रवाई के दौरान पुलिस की मौजूदगी से इलाके में सनसनी का माहौल बना रहा।

इसी दौरान सूचना मिलने पर बिल्हौर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अशोक कुमार सरोज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई कन्नौज में हाल ही में हुई एक लूट की घटना के सिलसिले में की गई है। संदिग्धों की लोकेशन होटल के आसपास मिलने पर एसओजी टीम ने छापा मारकर पूछताछ के लिए तीन लोगों को अपने साथ लिया है।

बताया जा रहा है कि होटल का भवन पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रामशरण कटियार का है। इस संबंध में डॉ. कटियार ने स्पष्ट किया कि भवन उनके बेटे द्वारा किराए पर दिया गया है और होटल में होने वाली गतिविधियों की उन्हें कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि सामने आती है तो तत्काल भवन खाली कराया जाएगा।

फिलहाल कन्नौज पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Pavan Singh
Pavan Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *