गोरखपुर में युवक की संदिग्ध हत्या, प्रेम संबंध के एंगल पर जांच तेज, गर्लफ्रेंड समेत तीन हिरासत में
Share your love

संवाद 24 डेस्क। गोरखपुर जिले के सहजनवां थाना क्षेत्र में एक 26 वर्षीय युवक की हत्या का मामला सामने आया है। युवक का शव गेहूं के खेत में खून से लथपथ हालत में मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में प्रेम संबंध से जुड़ा एंगल सामने आने के बाद मृतक की गर्लफ्रेंड, उसके पिता और भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान विशाल यादव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, मंगलवार रात वह घर पर भोजन कर रहा था, तभी उसके मोबाइल पर एक युवती का फोन आया। कॉल आने के बाद वह यह कहकर घर से निकला कि थोड़ी देर में लौट आएगा, लेकिन फिर वापस नहीं आया।

बुधवार सुबह जोगिया कोल कटाई टीकर रोड के पास गेहूं के खेत में ग्रामीणों ने एक युवक का शव देखा। खेत में हाल ही में सिंचाई हुई थी, जिससे शव मिट्टी और कीचड़ से सना हुआ था। सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे और चेहरे पर खून लगा हुआ था। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि युवक को मौके पर लाकर उसके साथ संघर्ष के बाद हत्या की गई।
पुलिस जांच में सामने आया है कि विशाल का एक युवती से संपर्क था। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने युवती, उसके पिता और भाई के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। तीनों से पूछताछ की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
विशाल मुंबई में कार पेंटिंग और पॉलिश का काम करता था और हाल ही में अपने पिता के निधन के बाद गांव आया था। दो दिन बाद उसे वापस मुंबई लौटना था। उसकी शादी भी अभी तय नहीं हुई थी।
पोस्टमॉर्टम के बाद जब शव गांव पहुंचा, तो आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने सहजनवां चौराहे पर सड़क जाम कर दिया। पुलिस अधिकारियों के समझाने के बाद जाम हटाया गया। देर शाम अंतिम संस्कार कराया गया।
एसपी नॉर्थ ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।




