अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी कैंपस में शिक्षक की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार हमलावर फरार

Share your love

संवाद 24 डेस्क। अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) परिसर में बुधवार रात एक शिक्षक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना उस समय हुई, जब शिक्षक भोजन के बाद टहलने के लिए निकले थे। बाइक सवार बदमाशों ने सिर में गोली मारकर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात करीब 9:30 बजे शिक्षक अपने दो परिचितों के साथ मौलाना आज़ाद लाइब्रेरी स्थित कैंटीन पहुंचे थे। इसी दौरान दो अज्ञात युवक बाइक से वहां आए और अचानक फायरिंग कर दी। गोली सीधे शिक्षक के सिर में लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़े। फायरिंग की आवाज से कैंटीन और आसपास मौजूद छात्रों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शिक्षक को तत्काल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान राव दानिश के रूप में हुई है। वह पूर्व में AMU के छात्र रह चुके थे और वर्तमान में एबीके यूनियन स्कूल में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। उनके पिता प्रोफेसर हिलाल AMU से सेवानिवृत्त हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन स्वयं घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे तथा मामले की जानकारी ली। पुलिस ने कैंपस में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही हाल के दिनों में कैंपस में बाहरी लोगों की गतिविधियों को लेकर मिली शिकायतों को भी जांच में शामिल किया गया है।

पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News