भाजपा के फॉर्मूले से ही BJP को हराएंगे: सीट बंटवारे पर अखिलेश यादव ने साफ की INDIA गठबंधन की रणनीति
Share your love

संवाद 24, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर INDIA गठबंधन के सीट बंटवारे की तस्वीर स्पष्ट कर दी है। उन्होंने कहा कि गठबंधन में सीटों को लेकर कोई विवाद नहीं होगा, बल्कि एक ही लक्ष्य रहेगा—भाजपा को हराना। अखिलेश ने साफ शब्दों में कहा कि जिस पार्टी के पास किसी सीट पर भाजपा को हराने की क्षमता होगी, वही पार्टी वहां चुनाव लड़ेगी। यही रणनीति लोकसभा चुनाव में अपनाई गई थी और उसका नतीजा सामने है, जहां भाजपा यूपी में दूसरे नंबर की पार्टी बन गई।
मंगलवार को लखनऊ में मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि INDIA गठबंधन की बुनियाद जीत पर टिकी है, न कि सीटों की संख्या पर। जब गठबंधन बना था, तभी तय हुआ था कि जिस राज्य में जो क्षेत्रीय दल मजबूत होगा, उसी के नेतृत्व में भाजपा के खिलाफ चुनाव लड़ा जाएगा। विधानसभा चुनाव में भी राजनीतिक और सामाजिक परिस्थितियों का आकलन कर यही फॉर्मूला लागू किया जाएगा।
लोकतंत्र में वोट सबसे बड़ा फॉर्मूला
सीट बंटवारे के फॉर्मूले पर सवाल के जवाब में अखिलेश यादव ने कहा कि लोकतंत्र में सबसे बड़ा फॉर्मूला वही होता है, जिसे जहां ज्यादा वोट मिले हों। उसके साथ सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों को देखा जाता है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा लोकसभा चुनाव में हारी है और विधानसभा चुनाव में भी हार तय है। समाजवादी पार्टी भाजपा को हराने की रणनीति सीख चुकी है और INDIA गठबंधन को और मजबूत किया जाएगा।
अयोध्या सांसद पर टिप्पणी, भाजपा पर तंज
अयोध्या से सांसद अवधेश प्रसाद को लोकसभा में आगे बैठाने को लेकर उठे सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि वह पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं, इसलिए उन्हें आगे बैठाया जाता है। उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा अयोध्या से सांसद और रामायण धारावाहिक में भगवान राम की भूमिका निभाने वाले अरुण गोविल को संसद में कहां बैठाती है, यह दिखाई ही नहीं देता। सपा चाहती है कि भाजपा उन्हें भी सम्मान दे।
महिलाओं के लिए बड़ा वादा, पूंजीपतियों पर हमला
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में कुछ पूंजीपति बैंकों से कर्ज लेकर देश और दुनिया के सबसे बड़े उद्योगपति बन गए। उन्होंने कहा कि यदि शीर्ष 10 पूंजीपतियों को देखा जाए तो साफ हो जाएगा कि उन्होंने बैंकों से कितना कर्ज लिया है। सपा अध्यक्ष ने ऐलान किया कि सत्ता में आने पर समाजवादी पार्टी गरीब महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये देगी। महिलाओं की पेंशन को भी मौजूदा स्तर से बढ़ाया जाएगा।
भाजपा पर नफरत और भेदभाव का आरोप
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा समाज में नफरत और भेदभाव फैलाती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आवास छोड़ने के बाद उसे गंगा जल से धुलवाया गया और कन्नौज में मंदिर में पूजा के बाद भी ऐसा ही किया गया। उनके मुताबिक भाजपा साम्प्रदायिक राजनीति करती है और देश को बर्बादी की ओर ले गई है। डिफेंस एक्सपो, मिसाइल और निवेश के बड़े-बड़े दावे झूठे साबित हुए हैं।
SIR और भ्रष्टाचार पर तीखा हमला
अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है। जहरीले कफ सिरप घोटाले में कई लोगों की जान गई, लेकिन सरकार आरोपियों को बचा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सैकड़ों फर्जी कंपनियों के जरिए हजारों करोड़ का अवैध कारोबार हुआ, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई क्योंकि आरोपी सरकार के करीबी हैं।
SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार वोट कटवाने की साजिश कर रही है। मुख्यमंत्री खुद कह रहे हैं कि चार करोड़ वोट कट गए हैं। अखिलेश ने दावा किया कि अगर चार करोड़ वोट कटे हैं, तो इसका मतलब हर विधानसभा में भाजपा के करीब 84 हजार वोट कम हुए हैं और भाजपा अभी से चुनाव हार चुकी है।
अखिलेश यादव ने दोहराया कि 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के नेतृत्व में INDIA गठबंधन भाजपा को सत्ता से बाहर करेगा और प्रदेश में नई सरकार बनेगी।




