हमीरपुर में भीषण सड़क हादसा: बस की टक्कर से बोलेरो के परखच्चे उड़े, सगे भाइयों समेत चार की मौत
Share your love

संवाद 24 डेस्क: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसा बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर मौदहा कोतवाली क्षेत्र के इचौली के पास हुआ, जहां पीछे से आ रही एक टूरिस्ट बस ने बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में महोबा जिले के थाना खन्ना क्षेत्र के ग्योड़ी गांव निवासी 55 वर्षीय घनश्याम, उनके छोटे भाई 40 वर्षीय रामसहोदर और 65 वर्षीय सिद्धगोपाल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, चौथे व्यक्ति 35 वर्षीय सोनू पुत्र प्यारेलाल, जो घनश्याम का भतीजा था, ने इलाज के दौरान बांदा मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया। एक ही परिवार के दो सगे भाइयों की मौत से गांव में कोहराम मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्योड़ी गांव निवासी घनश्याम की मां का हाल ही में निधन हुआ था। उनके अस्थि विसर्जन के लिए घनश्याम अपने छोटे भाई रामसहोदर, सिद्धगोपाल और अन्य परिजनों के साथ रविवार सुबह बोलेरो से प्रयागराज जा रहे थे। मौदहा क्षेत्र में बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे स्थित एक पेट्रोल पंप से डीजल भराने के बाद जैसे ही बोलेरो एक्सप्रेस-वे पर आगे बढ़ी, पीछे से आ रही आंध्र प्रदेश नंबर की एक टूरिस्ट बस ने वाहन को टक्कर मार दी।
पुलिस के अनुसार हादसे के समय घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे दृश्यता बेहद कम थी। इसी कारण बस चालक समय रहते बोलेरो को देख नहीं सका और तेज रफ्तार में टक्कर हो गई। दुर्घटना में बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
मौदहा इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि हादसे में घायल राधेश्याम पुत्र छोटे लाल को गंभीर हालत में कानपुर रेफर किया गया है, जबकि आशाराम पुत्र अच्छे लाल का बांदा मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची यूपीडा की टीम ने हाईड्रा की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों के मलबे को सड़क से हटवाया, जिससे यातायात बहाल हो सका।
पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में गहरा शोक व्याप्त है।




