ट्रेन में ज्यादा सामान ले जाना पड़ सकता है भारी: नए नियमों के तहत भारी जुर्माने की तैयारी
Share your love

संवाद 24 प्रयागराज। अगर आप ट्रेन से सफर करते समय ढेर सारा लगेज साथ ले जाने के आदी हैं, तो सावधान हो जाइए। रेलवे ने अब एयरपोर्ट की तरह लगेज लिमिट को लेकर सख्त नियम लागू कर दिए हैं। निर्धारित वजन से अधिक सामान मिलने पर यात्रियों पर भारी जुर्माना लगाया जा रहा है, और कई मामलों में कार्रवाई भी की जा रही है।
नया नियम, तय वजन से ज्यादा ले जाना पड़ेगा महंगा – रेलवे के अनुसार प्रत्येक यात्री के लिए कोच के हिसाब से लगेज की अधिकतम सीमा तय है। अगर कोई यात्री इस सीमा से अधिक सामान अपने साथ रखता है, तो उसे पार्सल में बुक कराना अनिवार्य है। चेकिंग के दौरान अतिरिक्त वजन पकड़े जाने पर जुर्माना छह गुना तक लगाया जा सकता है, और जुर्माना न देने पर जेल भी हो सकती है।
प्रयागराज डिवीजन में सख्ती, 60 हजार का जुर्माना वसूला – प्रयागराज डिवीजन के कॉमर्शियल विभाग ने दिल्ली–हावड़ा रूट की ट्रेनों में औचक चेकिंग की। नई दिल्ली–इस्लामपुर मगध एक्सप्रेस और नई दिल्ली–प्रयागराज एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों में बिना बुकिंग अतिरिक्त सामान ले जा रहे यात्रियों पर कार्रवाई की गई। सिर्फ एक दिन में 60 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया। प्लेटफॉर्म पर बिना बुकिंग रखे सामान पर भी सख्त कार्रवाई की गई।
पार्सल में बुक कराकर ले जा सकते हैं ज्यादा सामान – सेंट्रल स्टेशन के पार्सल क्लर्क के मुताबिक, निर्धारित सीमा से अधिक सामान को पार्सल में बुक करना ही सुरक्षित तरीका है।बुकिंग के बाद यात्री चाहे तो सामान अपने साथ रख सकता है या पार्सल कोच में भेज सकता है।फर्क सिर्फ इतना है कि:बुक सामान अपने साथ ले जाने पर नुकसान या चोरी की जिम्मेदारी रेलवे की नहीं होगी।पार्सल कोच से भेजने पर रेलवे मुआवजा देने के लिए जिम्मेदार होगा।
निर्धारित लगेज सीमा (प्रति यात्री)कोच श्रेणी वजन फर्स्ट एसी 70 किलो सेकेंड एसी 50 किलो, थर्ड एसी / स्लीपर40 किलो, जनरल क्लास 35 किलो। नए नियमों का उद्देश्य रेलवे अधिकारियों के अनुसार इन नियमों का उद्देश्य भीड़ नियंत्रित करना, कोचों में अव्यवस्था रोकना और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। हाल के दिनों में बिना बुकिंग अतिरिक्त लगेज ले जाने वालों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें लाखों का जुर्माना वसूला जा चुका है।
प्रयागराज डिवीजन के पीआरओ अमित सिंह ने कहा “निर्धारित वजन से अधिक सामान बिना बुकिंग ले जाने वालों से छह गुना तक जुर्माना वसूला जाएगा। नियमों का पालन न करने पर जेल तक हो सकती है। यात्रियों से अनुरोध है कि यात्रा के दौरान तय सीमा के अनुसार ही लगेज साथ रखें।”






