गोरखपुर में पूर्व पार्षद की हत्या, चार हमलावरों ने घटना को दिया अंजाम

Share your love

गोरखपुर शहर में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब मॉर्निंग वॉक पर निकले पूर्व पार्षद और प्रॉपर्टी डीलर राजकुमार चौहान की बदमाशों ने बेरहमी से हत्या कर दी। घटना चिलुआताल थाना क्षेत्र के बरगदवा इलाके की बताई जा रही है। सुबह-सुबह हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि परिजनों और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई है।

पहले सिर में मारी गोली, फिर चाकुओं से किया हमला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब चार हमलावरों ने राजकुमार चौहान को घेर लिया। आरोपियों ने पहले उनके सिर में गोली मारी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद भी हमलावर नहीं रुके और चाकुओं से कई वार किए। घायल अवस्था में चौहान जान बचाने के लिए कुछ दूरी तक भागे, लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा कर दोबारा हमला कर दिया।बताया जा रहा है कि हमलावर तब तक मौके पर मौजूद रहे जब तक उन्हें यह यकीन नहीं हो गया कि उनकी मौत हो चुकी है।

वारदात के बाद फरार हुए हमलावर

स्थानीय लोगों के अनुसार बदमाश अपनी गाड़ी कुछ दूरी पर खड़ी कर पैदल ही घटनास्थल तक पहुंचे थे। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। इस नृशंस हत्या की खबर फैलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।

मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल राजकुमार चौहान को तुरंत बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

पुलिस जांच में जुटी, कई टीमें गठित

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। एसएसपी डॉ. कौस्तुभ सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल का निरीक्षण कर रहे हैं। पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर दी है और हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

परिवार में इकलौते बेटे थे राजकुमार चौहान

जानकारी के अनुसार राजकुमार चौहान चिलुआताल क्षेत्र के बरगदवा के रहने वाले थे। वे अपने परिवार में इकलौते बेटे थे और उनकी चार बहनों की शादी हो चुकी है। लगभग 18 वर्ष पहले उनकी शादी हुई थी और उनके दो बेटियां तथा एक बेटा है। उनकी हत्या के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

क्षेत्र में तनाव, सुरक्षा बढ़ाई गई

घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News