प्रयागराज : मकान निर्माण न रोकने के लिए दो लाख की मांग, एक लाख लेते दो लेखपाल गिरफ्तार
Share your love

संवाद 24 प्रयागराज। सोरांव तहसील क्षेत्र में मकान निर्माण कार्य न रोकने के एवज में रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। एंटी करप्शन टीम ने कार्रवाई करते हुए दो लेखपालों को एक लाख रुपये की घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने शिकायतकर्ता से मकान निर्माण की अनुमति के नाम पर दो लाख रुपये की मांग की थी।
एफआईआर के अनुसार, शिकायतकर्ता जो पेशे से अधिवक्ता हैं, नवाबगंज क्षेत्र के मलाक हरहर उपरहार गांव (सुमेरी का पुरा) में अपने नाना-नानी के घर रहते हैं। मकान जर्जर होने के कारण जनवरी 2026 में उसे गिरवाकर नया पक्का निर्माण शुरू कराया गया था। आरोप है कि 15 फरवरी को क्षेत्रीय लेखपाल राजशेखर सिंह मौके पर पहुंचे और मकान को अवैध बताते हुए निर्माण रुकवाने की चेतावनी दी।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि लेखपालों ने स्पष्ट कहा कि यदि मकान बनवाना है तो दो लाख रुपये देने होंगे, अन्यथा निर्माण नहीं होने दिया जाएगा। मोलभाव के बाद कथित तौर पर डेढ़ लाख रुपये में सहमति बनी। शिकायतकर्ता ने पहले एक लाख रुपये देने की बात कही और शेष रकम बाद में देने का आश्वासन दिया।
मामला एंटी करप्शन टीम तक पहुंचने पर ट्रैप की योजना बनाई गई। तय रणनीति के तहत शिकायतकर्ता ने 500-500 रुपये के 200 नोट लेखपालों को दिए। जैसे ही रकम सौंपी गई, पहले से मौजूद टीम ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। बरामद राशि को साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया गया।
शुक्रवार को गिरफ्तार लेखपालों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। एंटी करप्शन टीम मामले की विस्तृत जांच कर रही है और अन्य संभावित संलिप्तताओं की भी पड़ताल की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद तहसील क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति है। प्रशासनिक स्तर पर भी मामले को गंभीरता से लिया गया है।






