शताब्दी वर्ष पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का हिंदू सम्मेलन, समाज जागरण का दिया संदेश

Share your love

संवाद 24 मेरठ। परीक्षितगढ़ नगर की गिदौड़िया धर्मशाला में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्वयंसेवक, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में संगठन, सेवा और सांस्कृतिक जागरण का संदेश देना रहा।

सम्मेलन के मुख्य वक्ता विभाग व्यवस्था प्रमुख नीरज संघ ने अपने संबोधन में कहा कि संघ की स्थापना वर्ष 1925 में डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार द्वारा हिंदू समाज की एकता और राष्ट्र के सर्वांगीण उत्थान के उद्देश्य से की गई थी। उन्होंने बताया कि पिछले 100 वर्षों में संघ ने सेवा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए हैं तथा समाज में अनुशासित और देशभक्त व्यक्तित्व निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।

जिला संचालक धर्मेश ने संघ के पंच प्रण—कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक सद्भाव, पर्यावरण संरक्षण, स्व का बोध और नागरिक कर्तव्य—पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि इन संकल्पों के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। कार्यक्रम में पूर्व प्रधानाचार्य पदम सैन मित्तल और मूलचंद बंसल ने भी विचार व्यक्त करते हुए संगठन की सेवा गतिविधियों की सराहना की।

कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति के सदस्यों को नगर कार्यकारिणी द्वारा पटका और भगवान श्रीराम का चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन पूर्व जिला प्रचारक सचिन ने किया। इस अवसर पर मनोज शर्मा, सचिन अग्रवाल, गौरव, अमित मोहन टीपू, कांता, संजीव, चरणजीत, विकास, कपिल लौहरे सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News