चलती कार पर हाईमास्ट पोल गिरने से सपा नेता की मौत, प्रतापगढ़ में बड़ा हादसा

Share your love

संवाद 24 प्रतापगढ़। जनपद के अंतू क्षेत्र स्थित बाबूगंज बाजार में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में समाजवादी पार्टी के स्थानीय नेता लाल बहादुर यादव (47) की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार लगभग 1000 किलो वजनी हाईमास्ट लाइट का पोल उनकी चलती कार पर अचानक गिर पड़ा, जिससे मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भारत पेट्रोलियम पेट्रोल पंप के सामने हाईमास्ट लाइट लगाने का कार्य चल रहा था। मजदूर पोल खड़ा कर रहे थे, तभी संतुलन बिगड़ने से भारी पोल अनियंत्रित होकर सड़क से गुजर रही क्रेटा कार पर गिर गया। पोल कार के ड्राइवर साइड पर गिरा, जिससे वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और पीछे का हिस्सा लगभग दो से तीन फीट तक ऊपर उठ गया।

घटना के समय लाल बहादुर यादव स्वयं कार चला रहे थे और शहर की ओर जा रहे थे। पोल गिरने के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए पोल को हटाकर उन्हें बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में पोल स्थापित करने के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही सामने आने की बात कही जा रही है। संबंधित ठेकेदार के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

मृतक लाल बहादुर यादव बाबूगंज बाजार के निवासी थे और वर्ष 2022 में अंतू नगर पंचायत से चुनाव भी लड़ चुके थे। उनके परिवार में पत्नी, चार बेटियां और एक बेटा सहित अन्य परिजन हैं। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News