काला जादू के नाम पर ठगी और तिहरे हत्याकांड का आरोपी लोनी लाया गया, चार वर्षों में करोड़ों की संपत्ति बनाने का आरोप
Share your love

संवाद 24 गाजियाबाद। दिल्ली में हुए तिहरे हत्याकांड के आरोपी कथित तांत्रिक कमरूद्दीन को रिमांड मिलने के बाद दिल्ली पुलिस जांच के लिए लोनी स्थित विजयनगर कॉलोनी लेकर पहुंची। पुलिस ने आरोपी के मकान और उससे जुड़े स्थानों पर पहुंचकर घटनाक्रम का सीन रिक्रिएशन किया तथा पूछताछ की।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी को उस स्थान पर भी ले जाया गया, जहां से वह कथित रूप से तीन लोगों की कार में बैठकर दिल्ली गया था। आशंका है कि उसी के बाद तीनों की हत्या की घटना को अंजाम दिया गया। जांच के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा और मौके पर स्थानीय लोगों की भी भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कमरूद्दीन ने पिछले चार वर्षों में लोनी क्षेत्र में कई संपत्तियां अर्जित की हैं। इनमें कई प्लॉट, मकान, होटल और दुकानें शामिल बताई जा रही हैं। लोगों का आरोप है कि यह संपत्ति कथित तौर पर लोगों से ठगी कर जुटाए गए धन से बनाई गई हो सकती है, जिसकी जांच पुलिस कर रही है।
बताया जा रहा है कि चार वर्ष पहले आरोपी एक किराए की दुकान में छोटा होटल चलाता था, लेकिन इसके बाद उसने तेजी से संपत्तियां खरीदीं और विभिन्न स्थानों पर व्यावसायिक गतिविधियां शुरू कर दीं। पुलिस अब उसकी संपत्ति के स्रोत और उससे जुड़े आर्थिक लेन-देन की भी जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






