अप्रैल से शुरू होगा 594 किमी लंबा गंगा एक्सप्रेसवे, मुख्य मार्ग निर्माण पूरा
Share your love

संवाद 24 लखनऊ। उत्तर प्रदेश के महत्वाकांक्षी गंगा एक्सप्रेसवे परियोजना का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच गया है। 594 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे के मुख्य मार्ग का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और सुरक्षा संबंधी कार्यों को तेजी से अंतिम रूप दिया जा रहा है।
सरकारी अधिकारियों के अनुसार, एक्सप्रेसवे पर वाहनों के सुरक्षित संचालन के लिए लगभग 295 किलोमीटर क्षेत्र में चहारदीवारी और मेटल बीम क्रैश बैरियर लगाए जा रहे हैं। इन कार्यों को मार्च माह तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, ताकि अप्रैल से एक्सप्रेसवे पर आवागमन शुरू कराया जा सके।
बैठक में समीक्षा के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सुरक्षा व्यवस्था पूर्ण होने के बाद ही एक्सप्रेसवे का औपचारिक संचालन प्रारंभ किया जाए। बताया गया कि कुछ स्थानों पर ग्रामीणों द्वारा फेंसिंग काटकर रास्ते बना लेने से दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है, इसलिए पक्की चहारदीवारी का निर्माण कराया जा रहा है।
समीक्षा बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि प्रस्तावित अन्य एक्सप्रेसवे और लिंक एक्सप्रेसवे परियोजनाओं के शिलान्यास की प्रक्रिया भी समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए, जिससे प्रदेश में सड़क कनेक्टिविटी को और मजबूत किया जा सके।






