ज्वेलर्स की दुकान से महिलाओं ने उड़ाए सोने के गहने, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
Share your love

संवाद 24 गोरखपुर। बेलीपार क्षेत्र स्थित एक सर्राफा दुकान में खरीदारी के बहाने आई महिलाओं द्वारा सोने के आभूषण चोरी करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद दुकान मालिक ने पुलिस में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार बेलीपार स्थित श्याम ज्वेलर्स की दुकान पर गुरुवार दोपहर पांच महिलाएं पहुंचीं। उन्होंने कान के टॉप्स, पायल और नाक की कील सहित कई आभूषण दिखाने को कहा और काफी देर तक सामान देखती रहीं। इस दौरान उन्होंने एक-दो आभूषण खरीदने का दिखावा किया और फिर वहां से चली गईं।
दुकानदार को बाद में सामान मिलान के दौरान कुछ आभूषण गायब होने का संदेह हुआ। जब दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई तो महिलाओं द्वारा आभूषण चोरी करने की पूरी घटना सामने आ गई।
दुकान मालिक ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिलाओं की पहचान करने और उनकी तलाश शुरू कर दी है।






