मृत घोषित किया गया मजदूर जिंदा घर लौटा, अफवाह फैलाने वाले पर पुलिस कार्रवाई
Share your love

संवाद 24 मुरादाबाद। अगवानपुर स्थित दीवान शुगर मिल से जुड़ा एक हैरान करने वाला मामला सामने आया, जहां मशीन में पिसकर मजदूर की मौत की खबर फैलने के बाद वह मजदूर जिंदा अपने घर पहुंच गया। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, मिल में कार्यरत मजदूर अरविंद कुमार शराब के नशे में मिल से बाहर निकल गया और बिना किसी को बताए रेलवे स्टेशन पहुंच गया। पूरे दिन वह स्टेशन और आसपास के क्षेत्र में बैठा रहा, जिससे उसकी तलाश कर रहे लोगों को उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी और उसके साथ दुर्घटना होने की आशंका जताई जाने लगी।
रात करीब नौ बजे अरविंद कुमार अपने घर पहुंचा, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उससे पूछताछ की और वास्तविक स्थिति स्पष्ट की।
पुलिस ने बताया कि मजदूर की मृत्यु की गलत सूचना फैलाने वाले व्यक्ति के खिलाफ शांतिभंग की धाराओं में कार्रवाई की गई है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी घटना की पुष्टि किए बिना अफवाहें न फैलाएं, क्योंकि इससे अनावश्यक भय और भ्रम की स्थिति उत्पन्न होती है।






