यूपी में बनेगा 15 किमी लंबा नया लिंक एक्सप्रेसवे, कैबिनेट से मंजूरी
Share your love

संवाद 24 लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए चित्रकूट लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना के लिए आरएफपी (Request for Proposal) को स्वीकृति दे दी है। यह फैसला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में लिया गया।
प्रस्तावित ग्रीनफील्ड लिंक एक्सप्रेसवे की लंबाई लगभग 15.17 किलोमीटर होगी और इसके निर्माण पर करीब 513.97 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है। परियोजना का उद्देश्य चित्रकूट क्षेत्र के भरतकूप को बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से जोड़ना है, जिससे क्षेत्रीय यातायात और आवागमन में तेजी आएगी।
एक्सप्रेसवे के निर्माण के बाद चित्रकूट धाम की कनेक्टिविटी मजबूत होने की उम्मीद है। बेहतर सड़क सुविधा से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय व्यापार व आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
कैबिनेट से आरएफपी को मंजूरी मिलने के बाद अब निर्माण एजेंसी के चयन के लिए निविदा प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। सरकार का लक्ष्य है कि चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद परियोजना का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाए।
कैबिनेट बैठक में औद्योगिक विकास से जुड़े एक अन्य प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई, जिसके तहत बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड द्वारा लखीमपुर में लगभग 2850 करोड़ रुपये की लागत से बायोप्लास्टिक इकाई स्थापित की जाएगी। इस परियोजना से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है।






