वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी, यात्रियों में दहशत
Share your love

संवाद 24 गोरखपुर। प्रयागराज से गोरखपुर आ रही सेमी-हाईस्पीड भारतीय रेल की वंदे भारत एक्सप्रेस पर अयोध्या-मनकापुर रेलखंड में पत्थरबाजी की घटना सामने आई है। घटना के बाद ट्रेन में सवार यात्रियों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया, हालांकि किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात कटरा रेलवे स्टेशन से आगे टिकरी के पास अज्ञात व्यक्ति ने ट्रेन पर पत्थर फेंके, जो कोच नंबर छह की खिड़की से टकराए। अचानक तेज आवाज सुनकर यात्री घबरा गए और कुछ समय तक अफरा-तफरी की स्थिति रही।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) मनकापुर की टीम सक्रिय हुई और रेल अधिनियम के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पत्थर फेंकने वाले व्यक्ति की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में जांच और तलाश अभियान चलाया जा रहा है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार हाल के दिनों में गोरखपुर-लखनऊ तथा अयोध्या रेलमार्ग पर पत्थरबाजी की घटनाओं में वृद्धि देखी गई है। सुरक्षा एजेंसियों ने यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने और गश्त तेज करने के निर्देश दिए हैं।






