22 फरवरी को मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन का शुभारंभ, प्रधानमंत्री करेंगे यात्रा व जनसभा

Share your love

संवाद 24 मेरठ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आगामी 22 फरवरी को मेरठ मेट्रो तथा नमो भारत ट्रेन (मेरठ साउथ से मोदीपुरम स्टेशन तक विस्तार) का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर से मोहिउद्दीनपुर पहुंचेंगे और मेरठ साउथ स्टेशन से दोनों परियोजनाओं को हरी झंडी दिखाएंगे।

शुभारंभ के बाद प्रधानमंत्री मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक मेट्रो ट्रेन में यात्रा भी करेंगे। इस दौरान उनके साथ लगभग 100 स्कूली बच्चे मौजूद रहेंगे। करीब 23 किलोमीटर के इस मार्ग पर सभी स्टेशनों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाने की तैयारी की जा रही है।

प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए प्रशासन और संबंधित एजेंसियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जनसभा स्थल के लिए लगभग 36 एकड़ क्षेत्र में टेंट लगाने, सड़कों के मरम्मत कार्य, स्टेशन परिसर की रंगाई-पुताई तथा हरियाली बढ़ाने के लिए पौधारोपण जैसे कार्य किए जा रहे हैं। कार्यक्रम स्थल के पास तीन हेलीपैड भी बनाए जाएंगे।

एनसीआरटीसी और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने मेरठ साउथ से मोदीपुरम स्टेशन तक व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर सुरक्षा, पार्किंग, मंच तथा यातायात प्रबंधन से जुड़े आवश्यक निर्देश दिए हैं, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

यात्रियों की सुविधा के लिए सभी प्रमुख स्टेशनों पर प्रवेश और निकास द्वार तैयार कर लिए गए हैं। सुरक्षा संबंधी अनुमति पहले ही मिल चुकी है और शुभारंभ के बाद मेट्रो व नमो भारत सेवा चरणबद्ध तरीके से संचालित की जाएगी।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News