सरकारी जमीन पर बने अवैध मदरसे पर चला बुलडोजर, भारी पुलिस बल तैनात
Share your love

संवाद 24 संभल। उत्तर प्रदेश के संभल जिले में सरकारी भूमि पर बने एक अवैध मदरसे के खिलाफ प्रशासन ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। अधिकारियों की मौजूदगी में मदरसे को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए कई थानों की पुलिस फोर्स और पीएसी को मौके पर तैनात किया गया था।
जानकारी के अनुसार बनियाठेर क्षेत्र के नरौली नगर पंचायत स्थित मोहल्ला बंजारी कुआं में दो गाटा संख्या की सरकारी भूमि पर मदरसा बनाया गया था। राजस्व अभिलेखों में यह जमीन रास्ता और खाद के नाम दर्ज बताई गई है। चंदौसी तहसील प्रशासन की ओर से 22 जनवरी को संबंधित भूमि पर बेदखली के आदेश जारी किए गए थे।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत एसडीएम, सीओ और राजस्व विभाग की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। इसके बाद बुलडोजर की मदद से अवैध निर्माण को गिराने की कार्रवाई शुरू की गई। कार्रवाई के दौरान आसपास के क्षेत्र के लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए, हालांकि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही।
संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने क्षेत्र में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी। कई थानों की पुलिस, पीएसी और प्रशासनिक अधिकारी पूरी कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।






