मैनपुरी में 22 केंद्रों पर सीटीईटी परीक्षा आयोजित, रूट चार्ट की जानकारी न मिलने से अभ्यर्थी परेशान
Share your love

संवाद 24 मैनपुरी। केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटीईटी) रविवार को मैनपुरी जिले के 22 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और बायोमीट्रिक सत्यापन के साथ आयोजित की गई। जिले में लगभग 21 हजार अभ्यर्थी दो पालियों में परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। सभी केंद्रों पर पुलिस बल और परीक्षा कर्मचारियों की निगरानी में अभ्यर्थियों का प्रवेश कराया गया।
परीक्षा शुरू होने से पहले अभ्यर्थियों की प्रवेश पत्र जांच के साथ बायोमीट्रिक सत्यापन किया गया और निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया गया। परीक्षा केंद्रों के प्रत्येक कक्ष में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी गई तथा अतिरिक्त नियंत्रण के लिए अस्थायी कंट्रोल रूम भी स्थापित किए गए।
हालांकि परीक्षा व्यवस्था सख्ती के बीच सुचारु रूप से संचालित रही, लेकिन कई अभ्यर्थियों को केंद्रों तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रवेश पत्र पर केंद्रों के नाम तो अंकित थे, लेकिन स्पष्ट पता और रूट चार्ट की जानकारी उपलब्ध न होने से बाहरी जिलों से आए अभ्यर्थियों को केंद्र ढूंढने में कठिनाई हुई।
अभ्यर्थियों का कहना है कि बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन और प्रमुख चौराहों पर परीक्षा केंद्रों के रूट की जानकारी से संबंधित कोई सार्वजनिक सूचना उपलब्ध नहीं थी। नोडल स्तर पर केंद्रों की सूची सार्वजनिक न होने से भी कई अभ्यर्थी असमंजस की स्थिति में रहे।
प्रशासनिक अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।






